
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस से पहले राजधानी लखनऊ में योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सोमवार को गोमतीनगर में जल के भीतर विशेष योगाभ्यास कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं, दिव्यांग बच्चों और वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।यह आयोजन जगदंबा योग वेलफेयर सोसाइटी की ओर से कराया गया। कार्यक्रम में प्रसिद्ध योग प्रशिक्षिका रोमा हेमवानी ने प्रतिभागियों को जलयोग का प्रशिक्षण दिया। उन्होंने बताया कि जलयोग का उद्देश्य समाज के उन वर्गों तक स्वास्थ्य और योग का संदेश पहुंचाना है, जो सामान्य गतिविधियों में कम भागीदारी कर पाते हैं।कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने पानी के भीतर विभिन्न योगासन कर संतुलन, एकाग्रता और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग प्रतिभागियों ने योग गुरु के मार्गदर्शन में कई योग मुद्राएं सफलतापूर्वक कीं। जल के भीतर किए गए योगाभ्यास ने उपस्थित लोगों को भी आकर्षित किया।योग प्रशिक्षिका रोमा हेमवानी ने बताया कि जल की सौम्यता और उपचारात्मक गुण शरीर एवं मन को संतुलित रखने में सहायक होते हैं। उन्होंने कहा कि जलयोग विशेष रूप से दिव्यांगों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं और बच्चों के लिए लाभदायक है, क्योंकि पानी में कठिन योगासन भी अपेक्षाकृत आसानी से किए जा सकते हैं।उन्होंने बताया कि नियमित जलयोग से शारीरिक फिटनेस के साथ-साथ मानसिक और भावनात्मक स्वास्थ्य भी बेहतर होता है। आयोजन के माध्यम से लोगों को योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया।