
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर लखनऊ में योग जागरूकता अभियान की शुरुआत हो गई है। उत्तर प्रदेश आदर्श योग समिति की ओर से गोमतीनगर स्थित 1090 चौराहे पर शंखनाद के साथ अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में योग साधकों, वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, छात्रों और व्यापारियों ने भाग लेकर सामूहिक योगाभ्यास किया। इस दौरान योग के महत्व और स्वस्थ जीवनशैली में उसकी भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि योग शरीर और मन को स्वस्थ रखने का सबसे सरल और प्रभावी माध्यम है। उन्होंने लोगों से नियमित रूप से योग अपनाने की अपील करते हुए कहा कि बच्चों में भी योग को संस्कार के रूप में विकसित किया जाना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां शारीरिक और मानसिक रूप से मजबूत बन सकें। समिति के अध्यक्ष संदीप सिंह गौर ने बताया कि योग दिवस से पहले राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि 14 जून को आशियाना एलडीए क्षेत्र से एक विशाल योग जागरूकता रैली निकाली जाएगी, जबकि 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर आशियाना में भव्य योग कार्यक्रम आयोजित होगा। कार्यक्रम में समिति के कई पदाधिकारी, योगाचार्य और बड़ी संख्या में योग साधक उपस्थित रहे।