
पारदर्शी विकास ब्यूरो
कुशीनगर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कुबेरस्थान पुलिस ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए वध के लिए ले जाए जा रहे एक गोवंश को बरामद किया। पुलिस ने मौके से दो आरोपितों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपितों की पहचान कोतवाली पडरौना क्षेत्र के बसहिया वनवीरपुर निवासी इस्तेयाक पुत्र स्व. रहमुद्दीन और फैजान पुत्र इस्तेयाक के रूप में हुई है। दोनों के कब्जे से वध के लिए ले जाया जा रहा एक बछड़ा बरामद किया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कुबेरस्थान में मु0अ0सं0 168/2026 के तहत धारा 3/5ए/8 गोवध निवारण अधिनियम एवं 11 पशु क्रूरता अधिनियम में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक आरोपित इस्तेयाक का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। वर्ष 2017 में थाना कोतवाली पडरौना में उसके खिलाफ कई धाराओं में मुकदमा दर्ज था। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक हर्षवर्धन सिंह, उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आदित्य शाहू, कांस्टेबल हरिकेश कुमार और कांस्टेबल संजीत राजभर शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।