
Pardarshi Vikas News Lucknow
गौतमपल्ली थाने में कथित तौर पर ढाई लाख रुपये की वसूली के आरोप में पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए SHO रत्नेश कुमार सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस कमिश्नर की जांच में प्रथम दृष्टया आरोपों की पुष्टि होने के बाद यह कदम उठाया गया। मामले में थाने के अन्य दरोगा और सिपाहियों की भूमिका की भी गहन जांच की जा रही है। जानकारी के अनुसार, दो दिन पहले बंदरियाबाग चौकी से एक युवक को पकड़कर गौतमपल्ली थाने लाया गया था। आरोप है कि वहां उससे करीब ढाई लाख रुपये वसूले गए और बाद में उसे छोड़ दिया गया। शिकायत मिलने के बाद उच्च अधिकारियों ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच कराई। जांच के दौरान यह भी सामने आया कि युवक की थाने में आमद जनरल डायरी (जीडी) में दर्ज की गई थी और पूछताछ के बाद उसे रिहा किया गया। फिलहाल, थाने की जिम्मेदारी इंस्पेक्टर विपिन सिंह को सौंपी गई है। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हलचल तेज हो गई है और आगे की जांच जारी है।