
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के बिहार थाना क्षेत्र के पंछीखेड़ा गांव में गुरुवार को एक विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद मायके पक्ष ने पति पर हत्या का आरोप लगाया है।मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूजा के रूप में हुई है, जो पंछीखेड़ा निवासी मनीष की पत्नी थीं। परिजनों के अनुसार, उनकी शादी लगभग 11 साल पहले हुई थी और उनके दो बच्चे हैं—एक बेटा और एक बेटी।मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के बाद से ही पति मनीष द्वारा लगातार मारपीट की जाती थी। बताया गया कि मनीष अहमदाबाद में नौकरी करता है और नशे का आदी है। घर आने पर वह नशे की हालत में विवाद और मारपीट करता था।परिजनों ने आरोप लगाया कि घरेलू विवाद के चलते पूजा की हत्या कर उसे फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि रिपोर्ट और साक्ष्यों के आधार पर मौत के कारणों की जांच की जा रही है और यदि किसी तरह की साजिश या हत्या के प्रमाण मिलते हैं तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी।