
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। प्रयागराज से कानपुर आ रही वंदे भारत ट्रेन में एक यात्री के बैग से 4 लाख रुपए चोरी होने का मामला सामने आया है। घटना 23 अप्रैल 2026 की है। पीड़ित दिनेश त्रिपाठी ने गुरुवार को चकेरी थाना और जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई। दिनेश त्रिपाठी के अनुसार, उन्होंने यात्रा के दौरान अपना बैग सीट के नीचे रखा था, जिसमें 4 लाख रुपए मौजूद थे। कानपुर पहुंचने से कुछ देर पहले जब वह बाथरूम गए और लौटे, तो बगल में बैठे एक युवक की हरकत संदिग्ध लगी।घर पहुंचकर बैग की जांच करने पर रुपए गायब मिले। पीड़ित का आरोप है कि साथ बैठे युवक ने ही मौका पाकर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज, कोच में मौजूद यात्रियों और संदिग्ध युवक की पहचान के आधार पर जांच कर रही है। जीआरपी का कहना है कि मामले के खुलासे के लिए जांच तेज कर दी गई है।