
अमेठी।वोट चोरी के मुद्दे को लेकर कांग्रेस गांव-गांव जाकर जनजागरण अभियान चलाएगी। मंगलवार को गौरीगंज स्थित केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय के राजीव गांधी सभागार में आयोजित प्रेसवार्ता में एआईसीसी के अमेठी ऑब्जर्वर एवं विधायक मलेन्द्र राजन ने ‘वोट बचाओ–देश बचाओ’ जन आंदोलन की दो माह की कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अभियान लोकतंत्र, संविधान और नागरिकों के मताधिकार की रक्षा के उद्देश्य से चलाया जाएगा। इसके तहत कांग्रेस कार्यकर्ता गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर पहुंचकर मतदाता सूची की निष्पक्षता के प्रति लोगों को जागरूक करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष प्रदीप सिंघल ने कहा कि अमेठी में अभियान को संगठनात्मक मजबूती और जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। जिला प्रवक्ता अनिल सिंह ने भी लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए अभियान को जन आंदोलन का स्वरूप देने की बात कही। प्रेसवार्ता के बाद एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में प्रस्तावित कांग्रेस रैली की तैयारियों को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक हुई। इसमें अमेठी से अधिकाधिक कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और समर्थकों की भागीदारी सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया। बैठक में पूर्व मंत्री नकुल दुबे, सुरेंद्र विक्रम पंजाबी सिंह सहित पार्टी के पदाधिकारी, ब्लॉक अध्यक्ष और वरिष्ठ कांग्रेसजन मौजूद रहे।