
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा आयोजित विश्वकर्मा स्वरोजगार एवं स्वदेशी मेला-2026 कार्यक्रम का जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर, गौरीगंज में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, लाभार्थियों और बड़ी संख्या में नागरिकों ने हिस्सा लिया।कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना 2.0 आधारित प्रदर्शनी और मार्जिन मनी ऋण पोर्टल का शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री ने पारंपरिक कारीगरों और शिल्पकारों को आधुनिक संसाधन, प्रशिक्षण एवं वित्तीय सहायता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने की बात कही।गौरीगंज में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के तहत दर्जी ट्रेड के 10 लाभार्थियों को टूलकिट वितरित किए गए। मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान के 5 लाभार्थियों को ऋण स्वीकृति के प्रतीकात्मक चेक दिए गए। वहीं श्रम विभाग में पंजीकृत 10 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता के चेक वितरित किए गए।जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि सरकारी योजनाओं का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू ने लाभार्थियों से स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उठाकर आत्मनिर्भर बनने का आह्वान किया।इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर गिरी, जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, उपायुक्त उद्योग अभय कुमार सुमन, एलडीएम राम अवतार मीना सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और लाभार्थी मौजूद रहे।