
पारदर्शी विकास न्यूज़ हमीरपुर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक में स्वैच्छिक रक्तदान कर मानवता और सेवा का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने युवाओं, सामाजिक संगठनों तथा पुलिस कर्मियों से अधिक से अधिक संख्या में रक्तदान करने की अपील की।रक्तदान के बाद एसपी ने कहा कि रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने का सबसे प्रभावी माध्यम स्वैच्छिक रक्तदान है। उन्होंने कहा कि दुर्घटना, ऑपरेशन, थैलेसीमिया और गंभीर बीमारियों से पीड़ित मरीजों को समय-समय पर रक्त की आवश्यकता पड़ती है।उन्होंने लोगों से रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और नियमित अंतराल पर रक्तदान करने का आह्वान किया। कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों ने भी रक्तदान के महत्व को समझते हुए जरूरत पड़ने पर रक्तदान करने का संकल्प लिया। जिला अस्पताल के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की मौजूदगी में रक्तदान की प्रक्रिया संपन्न कराई गई।