
पारदर्शी विकाश न्यूज़ लखनऊ। इटौंजा क्षेत्र में वीडियोग्राफर से लाखों रुपये के कैमरे और अन्य उपकरणों की लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। स्वाट, सर्विलांस और इटौंजा पुलिस की संयुक्त टीम ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लूट का सामान बरामद किया है।जानकारी के अनुसार, माल थाना क्षेत्र के रानीखेड़ा निवासी अशोक यादव को व्हाट्सएप कॉल के जरिए बर्थडे पार्टी की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी का काम मिला था। सोमवार को वह अपने साथियों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंचे, जहां हीरापुरवा तिराहे के पास सुनसान इलाके में बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार रोक ली और तमंचे के बल पर लूट की वारदात को अंजाम दिया।आरोपियों ने 6 कैमरे, 7 लेंस, 2 गिम्बल, मोबाइल फोन समेत लाखों रुपये का सामान लूट लिया था। घटना के बाद पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से जांच शुरू की।जांच के दौरान इटौंजा चौराहे के पास चेकिंग में दो आरोपी राम अनुज और विपिन मिश्रा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित के साथ काम करने वाला रोहन कुमार शर्मा ही इस पूरे मामले का मास्टरमाइंड था, जिसने पहले से ही पीड़ित के महंगे उपकरणों की जानकारी आरोपियों को दी थी।पुलिस ने रोहन कुमार शर्मा को भी गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर लूट का अधिकांश सामान, तमंचा और घटना में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।