
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहीद विलायती राम कत्याल स्मारक समिति ने नगर निगम के उद्यान विभाग में कथित भ्रष्टाचार और लापरवाही की जांच की मांग को लेकर जिलाधिकारी को मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा। समिति ने आरोप लगाया कि सांसद रमेश अवस्थी द्वारा प्रतिमा स्थल के सुंदरीकरण के लिए भेजे गए पत्र पर महीनों तक कार्रवाई नहीं की गई।समिति के महामंत्री रमेश सिहवानी ने बताया कि 22 अप्रैल को सांसद रमेश अवस्थी ने नगर आयुक्त को पत्र लिखकर रतनलाल नगर स्थित शहीद विलायती राम कत्याल की प्रतिमा स्थल के सुंदरीकरण, रेलिंग मरम्मत, नामकरण शिला की लिखाई और अन्य कार्य जल्द कराने के निर्देश दिए थे। आरोप है कि उद्यान विभाग में पत्र पर समय से कार्रवाई नहीं हुई और फाइल लंबे समय तक लंबित रही।समिति ने यह भी आरोप लगाया कि विभाग में पत्रों को महीनों तक दबाकर रखा जाता है, जिससे विकास कार्य प्रभावित होते हैं। उन्होंने उद्यान विभाग में स्थायी उद्यान अधिकारी की नियुक्ति, पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच तथा 29 जुलाई को आयोजित होने वाले राष्ट्रीय एकता दिवस से पहले प्रतिमा स्थल के सुंदरीकरण और सफाई कार्य शुरू कराने की मांग की।जिलाधिकारी ने प्रतिनिधिमंडल को मामले की जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। समिति के अनुसार, अब संबंधित फाइल तैयार कर मुख्य अभियंता कार्यालय को भेज दी गई है।