
पुलिस विभाग में कार्यरत उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सिंह को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं और सराहनीय कार्यशैली के लिए सम्मानित किया गया। सोमवार को पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने औपचारिक समारोह में उनकी वर्दी पर उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह लगाकर उन्हें सम्मान प्रदान किया। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें बधाई दी।
अवधेश कुमार सिंह वर्तमान में जनशिकायत प्रकोष्ठ प्रभारी के पद पर तैनात हैं। विभागीय जिम्मेदारियों के निर्वहन में उनकी कार्यकुशलता, अनुशासन और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान दिया गया। पुलिस विभाग में उनकी छवि एक कर्तव्यनिष्ठ और जिम्मेदार अधिकारी की मानी जाती है।
बताया गया कि इससे पूर्व 26 जनवरी 2025 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर तत्कालीन पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश प्रशांत कुमार द्वारा भी उन्हें उत्कृष्ट सेवा सम्मान चिन्ह से नवाजा गया था। लगातार दूसरी बार मिले इस सम्मान से विभाग में खुशी का माहौल है।
पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेंद्र पाण्डेय ने कहा कि अवधेश कुमार सिंह की कार्यशैली अन्य पुलिसकर्मियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि ईमानदारी, अनुशासन और जनता के प्रति संवेदनशीलता ही पुलिस सेवा की पहचान है।
सम्मान प्राप्त करने के बाद अवधेश कुमार सिंह ने वरिष्ठ अधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें और बेहतर कार्य करने की प्रेरणा देगा। उन्होंने भविष्य में भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ जनता की सेवा करने का संकल्प दोहराया।