
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव। पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुम हुए 78 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की कुल कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। रविवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह ने मोबाइल धारकों को उनके फोन सौंपे।पुलिस के अनुसार, नागरिकों द्वारा मोबाइल गुम होने की शिकायतें भारत सरकार के सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर दर्ज कराई गई थीं। शिकायतों के आधार पर सर्विलांस टीम ने तकनीकी सहायता से मोबाइलों की लोकेशन ट्रेस की और विभिन्न थाना क्षेत्रों की मदद से उन्हें बरामद किया।लगातार चलाए गए अभियान में सर्विलांस टीम और थाना पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से अलग-अलग स्थानों से कुल 78 मोबाइल फोन बरामद किए गए। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरों पर खुशी नजर आई। कई लोगों ने अपने फोन मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी।कार्यक्रम के दौरान मोबाइल धारकों ने पुलिस टीम की सराहना करते हुए धन्यवाद दिया। एसएसपी जय प्रकाश सिंह ने बताया कि सीईआईआर पोर्टल मोबाइल गुम या चोरी होने के मामलों में काफी प्रभावी साबित हो रहा है।उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाने और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, जिससे पुलिस समय रहते कार्रवाई कर सके।एसएसपी ने कहा कि आधुनिक तकनीक और सर्विलांस की मदद से पुलिस लगातार अपराध नियंत्रण और जनता की समस्याओं के समाधान के लिए काम कर रही है। उन्होंने अभियान में शामिल सर्विलांस टीम और थाना प्रभारियों की सराहना की। पुलिस ने बताया कि भविष्य में भी ऐसे अभियानों के जरिए गुम हुए मोबाइलों की बरामदगी जारी रहेगी।