
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र में हुए एक सड़क हादसे में 16 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने किशोर को मृत घोषित कर दिया।मृतक की पहचान आदर्श नगर निवासी मुस्तकीम (16) पुत्र शौकत अली के रूप में हुई है। मुस्तकीम बेल्ट कारीगर का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह अपने दोस्त पवन शर्मा और वैभव के साथ होंडा शाइन बाइक से घूमने निकला था। देर रात मारला और सरिया रेलवे क्रॉसिंग के बीच एक अज्ञात तेज रफ्तार वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल भेजा। वहां डॉक्टरों ने मुस्तकीम को मृत घोषित कर दिया, जबकि पवन शर्मा और वैभव का इलाज जारी है। दोनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।परिजनों के मुताबिक मुस्तकीम अपने चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार की आर्थिक मदद करता था। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मां और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं हादसे के बाद फरार अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और चालक की पहचान की जा सके। गंगाघाट पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।