news-details

उन्नाव में पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू, 12 केंद्रों पर 3662 अभ्यर्थी शामिल

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ उन्नाव। उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती (एनरोलमेंट-2025) की लिखित परीक्षा सोमवार को जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हुई। जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण और पारदर्शी माहौल में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक संपन्न हो रही है। पहली पाली में कुल 3662 अभ्यर्थी पंजीकृत रहे।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से निगरानी के साथ-साथ पुलिस बल और सादी वर्दी में भी कर्मियों की तैनाती की गई है। नकल रोकने के लिए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाया गया है। अभ्यर्थियों की गहन जांच के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है।जिले के अटल बिहारी इंटर कॉलेज, डीएसएन इंटर कॉलेज, राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, ओपीडी इंटर कॉलेज, श्यामलाल इंटर कॉलेज, एसएवी इंटर कॉलेज सहित कुल 12 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की जा रही है।जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए। अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारी भी लगातार निगरानी में जुटे रहे।प्रशासन ने बाहर से आने वाले अभ्यर्थियों के लिए सहायता केंद्र भी स्थापित किए हैं, जिससे उन्हें मार्गदर्शन और अन्य जरूरी सुविधाएं मिल रही हैं।