
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में भारतीय जनता पार्टी के पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत आयोजित दो दिवसीय शिविर रविवार को परिमल वाटिका में संपन्न हो गया। इस शिविर में जिले भर से सैकड़ों कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में उच्च शिक्षा राज्य मंत्री रजनी तिवारी, प्रदेश प्रभारी ओम प्रकाश श्रीवास्तव और एमएलसी मुकेश शर्मा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया।शिविर में 11 वैचारिक और संगठनात्मक सत्रों के माध्यम से प्रशिक्षण दिया गया, जिनमें भाजपा की विचारधारा, बूथ प्रबंधन, चुनाव संचालन और संगठनात्मक ढांचे से जुड़े विषय शामिल रहे। प्रशिक्षण के बाद कार्यकर्ताओं की ऑनलाइन परीक्षा भी आयोजित की गई, ताकि उनकी समझ और क्षमता का मूल्यांकन किया जा सके। नेताओं ने ‘मिशन 2027’ को ध्यान में रखते हुए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की। राज्य मंत्री रजनी तिवारी ने कहा कि भाजपा की राजनीति का मूल उद्देश्य अंत्योदय है और कार्यकर्ताओं को योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना चाहिए। वहीं प्रदेश प्रभारी ने कहा कि मजबूत बूथ संगठन ही चुनाव जीत का आधार है। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान और भारत माता की जय के नारों के साथ हुआ।