
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव में गुरुवार को ईद-उल-अजहा का पर्व अकीदत, उत्साह और भाईचारे के माहौल में मनाया गया। जिलेभर में शहर से लेकर ग्रामीण इलाकों तक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा कर अमन-चैन, खुशहाली और इंसानियत की दुआ मांगी। सुबह पहली नमाज 6:45 बजे और दूसरी नमाज 7:30 बजे अदा की गई। जामा मस्जिद, ईदगाह कॉलोनी, रहमत नगर, अहमद नगर, मदनी नगर, गोताखोर और करीमुल्ला कॉलोनी स्थित मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों नमाजी पहुंचे। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दी।नमाज के बाद घरों में कुर्बानी का सिलसिला शुरू हुआ। इस्लामी परंपरा के अनुसार गोश्त को तीन हिस्सों में बांटकर परिवार, रिश्तेदारों और जरूरतमंदों में वितरित किया गया। पर्व को लेकर बुधवार शाम से ही बाजारों में रौनक देखने को मिली। लोगों ने सेवईं, इत्र, टोपी, कपड़े, जूते-चप्पल और अन्य जरूरी सामान की खरीदारी की। मुस्लिम बहुल इलाकों में देर रात तक चहल-पहल बनी रही।त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। जिलाधिकारी घनश्याम मीणा और पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह ने कई नमाज स्थलों का निरीक्षण किया और लोगों को बकरीद की शुभकामनाएं दीं। संवेदनशील इलाकों में पुलिस बल तैनात रहा, जबकि ड्रोन कैमरों और दूरबीन से निगरानी की गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों से सौहार्द बनाए रखने की अपील की।