
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव जिले में आई तेज आंधी और बारिश ने बिजली व्यवस्था को पूरी तरह प्रभावित कर दिया है। ग्रामीण क्षेत्रों में पेड़ और बिजली के खंभे गिरने से करीब 100 से अधिक गांवों में पिछले 18 घंटों से विद्युत आपूर्ति बाधित है। वहीं, शहर के कई इलाकों में भी बिजली कटौती की समस्या बनी हुई है।जानकारी के अनुसार, तेज हवाओं और बारिश के कारण जिले के कई ग्रामीण इलाकों में बिजली के तार टूट गए और अनेक स्थानों पर पेड़ बिजली लाइनों पर गिर पड़े, जिससे विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। सबसे अधिक असर सिकन्दरपुर सरोसी, मियागंज, आसीवन, सफीपुर, बांगरमऊ और हसनगंज क्षेत्र के गांवों में देखा गया, जहां रातभर अंधेरा पसरा रहा।ग्रामीणों ने बताया कि अचानक आई आंधी के बाद तेज आवाज के साथ कई जगह बिजली के खंभे गिर गए। कुछ स्थानों पर ट्रांसफार्मरों में भी खराबी आ गई। बिजली न होने से लोगों को पेयजल और मोबाइल चार्जिंग जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ा। गर्मी और उमस के कारण बच्चों और बुजुर्गों की परेशानी और बढ़ गई।शहरी क्षेत्रों में भी आंधी का असर देखने को मिला। उन्नाव शहर के कई मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बार-बार बाधित होती रही। कुछ इलाकों में रातभर बिजली गुल रही, जिससे लोगों को अंधेरे में रात बितानी पड़ी। वहीं, बारिश के कारण कई जगह जलभराव होने से मरम्मत कार्य में भी दिक्कतें आईं।बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, आंधी में बड़ी संख्या में बिजली के तार और खंभे क्षतिग्रस्त हुए हैं। विभाग की टीमें देर रात से लगातार फॉल्ट खोजने और मरम्मत कार्य में लगी हुई हैं। प्राथमिकता के आधार पर मुख्य लाइनों को ठीक किया जा रहा है ताकि जल्द से जल्द आपूर्ति बहाल की जा सके।विभागीय अधिकारियों ने बताया कि कुछ क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू कर दी गई है, जबकि गंभीर रूप से प्रभावित गांवों में गुरुवार दोपहर तक सप्लाई बहाल होने की उम्मीद है। प्रशासन ने लोगों से टूटे बिजली तारों से दूर रहने की अपील की है।