
PARDARSHI VIKASH NEWS राज्य महिला आयोग की सदस्य अपर्णा यादव ने गुरुवार को उन्नाव जिला अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं, महिला मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अल्ट्रासाउंड जांच के लिए मरीजों को 15 से 20 दिन बाद की तारीख दिए जाने का मामला प्रमुखता से उठा, जिस पर उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।अपर्णा यादव ने कहा कि अल्ट्रासाउंड जांच में देरी की शिकायतें पहले भी उनके संज्ञान में आई थीं। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पहले भी निर्देश जारी किए गए थे कि महिलाओं को अनावश्यक रूप से लंबी तारीखें न दी जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि मामले की विशेष जांच कराई गई थी, ताकि मरीजों को मजबूरी में निजी केंद्रों का सहारा न लेना पड़े।उन्होंने स्वीकार किया कि जिला अस्पताल में मरीजों का दबाव अधिक है, जबकि अल्ट्रासाउंड मशीनों और विशेषज्ञ डॉक्टरों की संख्या पर्याप्त नहीं है। इस समस्या के समाधान के लिए शासन को अतिरिक्त अल्ट्रासाउंड मशीन और सोनोग्राफर उपलब्ध कराने के लिए पत्र भेजा गया है। उनका कहना था कि विशेषज्ञों की संख्या बढ़ने से अधिक मरीजों की जांच सरकारी अस्पताल में ही हो सकेगी।निरीक्षण के दौरान अपर्णा यादव ने अस्पताल में हुए सुधार कार्यों की सराहना भी की। उन्होंने बताया कि पिछली बार अस्पताल परिसर में रोशनी की कमी और शौचालयों की खराब स्थिति की शिकायत मिली थी। इस बार अस्पताल में प्रकाश व्यवस्था बेहतर मिली और वार्डों के शौचालयों में मरम्मत व निर्माण कार्य तेजी से होता दिखाई दिया।इस दौरान उन्होंने महिला चौपाल कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपनी बात खुलकर रखने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने समाज और जनप्रतिनिधियों से अपील की कि महिलाओं को सार्वजनिक मंचों और चौपालों में बोलने का पर्याप्त अवसर दिया जाए, ताकि वे बिना किसी डर या सामाजिक दबाव के अपनी समस्याएं रख सकें।अपर्णा यादव ने कहा कि कई महिलाएं उपहास और आलोचना के डर से अपनी बात सामने नहीं रख पातीं, इसलिए ऐसा माहौल बनाना जरूरी है, जहां वे स्वतंत्र रूप से अपनी समस्याएं साझा कर सकें। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्र में आयोजित बच्चों के कार्यक्रम और महिला चौपाल की भी सराहना की।निरीक्षण के दौरान अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने अस्पताल में संचालित स्वास्थ्य सेवाओं और चल रहे विकास कार्यों की जानकारी दी। अपर्णा यादव ने भरोसा दिलाया कि महिला स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।