
Pardarshi Vikas News Kushinagar
इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम में इस वर्ष कुशीनगर जिले की छात्राओं ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। खड्डा क्षेत्र की होनहार छात्रा उज्मा अंसारी ने 91.80 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में दूसरा स्थान हासिल किया है, जिससे पूरे क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है।
बजारी पट्टी निवासी उज्मा शुरू से ही पढ़ाई में मेधावी रही हैं। अपनी इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और गुरुओं को दिया है, जिनके मार्गदर्शन और सहयोग से उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उज्मा का सपना है कि वह आगे चलकर गणित विषय की शिक्षिका बनें और शिक्षा के क्षेत्र में अपना योगदान दें।
उज्मा के पिता तफज्जुल अंसारी लुधियाना में कपड़ा सिलाई का कार्य करते हैं, जबकि उनकी माता गृहिणी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उज्मा ने अपनी मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के दम पर यह सफलता प्राप्त की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने उज्मा को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी हैं।