
कम से कम 23 की मौत और दर्जनों घायल, ट्रेन की बोगी के उड़े परखच्चे
PARDARSHI VIKASH NEWS इस्लामाबाद। पाकिस्तान के क्वेटा शहर में बड़ा बम धमाका हुआ है। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक इस धमाके में बड़ी संख्या में लोगों की जान जाने की संभावना है। इस हमले में अब तक 23 लोगों की मारे जाने की पुष्टि की गई है। जानकारी के मुताबिक क्वेटा में फ्रंटियर कोर के हेडक्वार्टर के गेट के ही पास रेलवे ट्रैक पर भीषण धमाका हुआ। इसमें ट्रेन की एक बोगी के परखच्चे उड़ गए और आसपास आग लग गई।एक रिपोर्ट के मुताबिक इस धमाके में कम से कम 23 लोग मारे गए हैं और 30 से ज्यादा घायल हो गए हैं। घायलों को क्वेटा के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। ट्रैक के पास खड़े कई वाहनों में भी आग लग गई है। रिपोर्ट के मुताबिक यह धमाका इतना जोरदार था कि ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए। इसके बाद धुएं का भयंकर गुबार उठा। हादसा क्वेटा के मन फाटक इलाके में हुआ। यहां एक ट्रेन कैंट से आ रही थी, तभी विस्फोट हो गया। घटना के बाद राहत और बचाव का काम शुरू कर दिया गया।अभी हाल ही में पाकिस्तानी सेना के फील्ड मार्शल आसिम मुनीर ने क्वेटा का दौरा किया था। उन्होंने शांत बलूचिस्तान प्रांत में तैनात टुकड़ियों के अधिकारियों और सैनिकों से बातचीत की थी। पाकिस्तानी सेना की ओर से जारी बयान के मुताबिक, फील्ड मार्शल मुनीर ने अपने दौरे के दौरान क्वेटा स्थित कमांड एंड स्टाफ कॉलेज में छात्र अधिकारियों और संकाय सदस्यों को भी संबोधित किया।बयान के अनुसार, मुनीर ने बलूचिस्तान में तैनात टुकड़ियों के अधिकारियों और सैनिकों से बातचीत की और मौजूदा सुरक्षा माहौल के पहलुओं पर प्रकाश डाला। पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने हाल के दिनों में खुफिया जानकारी पर आधारित अभियानों में बलूचिस्तान स्थित उग्रवादी समूहों के 35 सदस्यों को मार गिराया और कम से कम तीन वरिष्ठ कमांडर को गिरफ्तार किया है। डॉन अखबार ने बलूचिस्तान सरकार के प्रवक्ता शाहिद रिंद के हवाले से बताया कि सुरक्षा बलों ने 13 मई को प्रांतीय राजधानी क्वेटा के बाहरी इलाके में स्थित पहाड़ी क्षेत्र मंगला जरघून गार में एक अभियान शुरू किया जो चार दिनों तक जारी रहा।रिंद ने कहा, ''सुरक्षा बलों ने सफल अभियान में कई शिविरों और ठिकानों को नष्ट कर दिया तथा इस दौरान तीन कमांडर को गिरफ्तार किया।'' उन्होंने बताया कि इस अभियान में उग्रवादी समूहों के 35 सदस्य मारे गए। रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि पाकिस्तानी सेना के अभियान का जवाब देने के लिए ही क्वेटा में आत्मघाती हमला किया गया है।