
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। घाटमपुर नगर स्थित कानपुर-सागर हाईवे ओवरब्रिज की धंसी स्लैब को हटाने का कार्य सोमवार रात से शुरू कर दिया गया। मरम्मत कार्य पूरा होने में करीब 20 दिन लगने की संभावना है, इस दौरान ओवरब्रिज पर सभी प्रकार का आवागमन बंद रहेगा।करीब चार वर्ष पहले 46 करोड़ रुपये की लागत से बने इस ओवरब्रिज की स्लैब रविवार को अचानक धंस गई थी। सूचना पर एनएचएआई और पीएनसी इंफ्राटेक की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और पुल को यातायात के लिए बंद कर दिया गया।तकनीकी विशेषज्ञों के अनुसार क्षतिग्रस्त स्लैब को पूरी तरह काटकर हटाया जाएगा, जिसके बाद नई स्लैब डाली जाएगी। कटिंग, शटरिंग, ढलाई और क्योरिंग की पूरी प्रक्रिया में लगभग 20 दिन का समय लगेगा। अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य पूरा होने के बाद ही ओवरब्रिज पर यातायात बहाल किया जाएगा।