
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। लक्ष्मीपुरवा स्थित शक्कर मिल खलवा इलाके में धंसे डाट नाले की मरम्मत नगर निगम ने 48 घंटे के भीतर पूरी कर ली, जिससे 9 मकानों पर मंडरा रहा खतरा टल गया।4 दिन पहले घनी आबादी में नाला धंसने से करीब 15 फुट गहरा गड्ढा बन गया था, जिसके बाद नगर निगम ने आसपास के 9 मकानों को नोटिस जारी कर खाली कराने की चेतावनी दी थी। इससे इलाके में दहशत फैल गई थी और कई परिवारों को शेल्टर होम में रहना पड़ा।नगर निगम और जनप्रतिनिधियों की निगरानी में तेजी से मरम्मत कार्य शुरू किया गया, जिसे रिकॉर्ड 48 घंटे में पूरा कर लिया गया। साथ ही भविष्य में समस्या से बचाव के लिए सीवर लाइन बदलने का काम भी शुरू किया गया है।मरम्मत पूरी होने के बाद अब मकानों को सुरक्षित घोषित कर दिया गया है, जिससे लोग दोबारा अपने घरों में लौट आए हैं। स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है।