
PARDARSHI VIKASH NEWS गोंडा। धानेपुर नगर पंचायत में लगातार बाधित विद्युत आपूर्ति और जले हुए ट्रांसफार्मर को लेकर बुधवार दोपहर सैकड़ों लोगों ने धानेपुर विद्युत उपकेंद्र पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने अघोषित बिजली कटौती और बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समाधान की मांग की।वार्ड नंबर 3 माधव नगर के निवासी पिछले एक सप्ताह से खराब बिजली व्यवस्था से परेशान थे। लोगों का आरोप है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती हो रही है, जबकि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी कोई ठोस कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। विरोध के दौरान प्रदर्शनकारियों ने उपकेंद्र से अन्य फीडरों को जाने वाली विद्युत आपूर्ति भी कुछ समय के लिए बंद करा दी। वहीं वार्ड नंबर 6 पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर के लोगों ने भी उपकेंद्र पहुंचकर अपनी नाराजगी जताई।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि उनके क्षेत्र का ट्रांसफार्मर 24 घंटे पहले जल गया था, लेकिन अब तक उसे बदला नहीं गया। इसके कारण बिजली आपूर्ति पूरी तरह प्रभावित हो गई है और लोगों को पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हाल ही में आई आंधी के बाद से बिजली व्यवस्था लगातार चरमराई हुई है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो रहा है।लोगों ने आरोप लगाया कि शिकायत करने पर बिजली विभाग के अधिकारी फोन तक नहीं उठा रहे हैं और समस्या के समाधान के लिए कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया जा रहा है। इससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।प्रदर्शन की सूचना मिलने पर धानेपुर नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि मंशाराम वर्मा मौके पर पहुंचे और लोगों से बातचीत की। उन्होंने जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद बिजली विभाग के अधिकारी भी उपकेंद्र पहुंचे और अघोषित कटौती में राहत देने तथा जले हुए ट्रांसफार्मर को शीघ्र बदलवाने का भरोसा दिया।आश्वासन मिलने के बाद दोनों वार्डों के लोगों ने अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया। प्रदर्शन में वार्ड नंबर 3 के सभासद भगवान दीन, अमन राज, फखरुद्दीन, राम बदल, रमेश, रानू मिस्त्री, बंसीलाल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे। वहीं वार्ड नंबर 6 से सभासद जोगिंदर मोदनवाल, दुर्गेश कुमार, विवेक आजाद, नीरज चौहान, सचिन शर्मा, दिवाकर, सुनील समेत बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक शामिल हुए।