news-details

धूमधाम से निकली भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा

You can share this post!

 

पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शहर में रविवार को इस्कॉन की ओर से भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलदेव और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। गोविंद नगर स्थित श्री राम दशानन धर्मशाला से शुरू हुई रथयात्रा बर्रा बायपास स्थित ग्लोरी गार्डन गेस्ट हाउस तक पहुंची। यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान का रथ खींचकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे मार्ग पर "हरे कृष्ण, हरे राम" महामंत्र का संकीर्तन, भजन-कीर्तन और धार्मिक झांकियों ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।यात्रा के स्वागत में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा की गई और आकर्षक रंगोलियां सजाई गईं। मृदंग, करताल और अन्य वाद्ययंत्रों की मधुर धुनों पर श्रद्धालु नृत्य करते हुए भगवान के जयकारे लगाते रहे। रथयात्रा में शामिल देश-विदेश से आए भक्तों ने भी संकीर्तन में भाग लेकर कार्यक्रम को विशेष भव्यता प्रदान की।आयोजकों ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ वर्ष में एक बार स्वयं अपने भक्तों को दर्शन देने के लिए मंदिर से बाहर निकलते हैं। यह रथयात्रा भगवान श्रीकृष्ण के भक्तों के प्रति स्नेह, करुणा और ब्रजवासियों से उनके प्रेम का प्रतीक मानी जाती है। इसी आस्था के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूरे उत्साह और श्रद्धा से यात्रा में शामिल हुए।रथयात्रा के दौरान भगवान जगन्नाथ की महिमा पर आधारित कथा का भी आयोजन किया गया। भक्ति पद्म सौरभ प्रचारक स्वामी महाराज ने श्रद्धालुओं को भगवान जगन्नाथ के आध्यात्मिक स्वरूप और रथयात्रा के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भगवान का नाम-संकीर्तन जीवन में शांति, प्रेम और आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार करता है।कार्यक्रम में किदवई नगर विधायक महेश त्रिवेदी, पूर्व सांसद रघुनंदन भदौरिया, पूर्व सांसद राजाराम पाल, गोल्डन बाबा सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस्कॉन कानपुर के मंदिर अध्यक्ष प्रेम हरिनाम प्रभुजी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का समापन महाप्रसाद वितरण के साथ हुआ, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद प्राप्त किया।