
अमेठी। भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना क्षेत्र में दो दिन से लापता 50 वर्षीय अधेड़ का शव शुक्रवार की सुबह गोमती नदी में मिला। शव घर से करीब चार किलोमीटर दूर कोटवा गांव के पास बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों से शव की शिनाख्त कराई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।जानकारी के मुताबिक, राम मनोहर बुधवार को घर में हुए विवाद के बाद अचानक लापता हो गए थे। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। परिजनों ने पुलिस को बताया था कि राम मनोहर गोमती नदी की तरफ गए थे। इसके बाद उनके नदी में डूबने की आशंका जताई गई।सूचना पर पुलिस और गोताखोरों की टीम ने लगातार गोमती नदी में तलाश अभियान चलाया। दो दिन की मशक्कत के बाद शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे उनका शव घर से चार किलोमीटर दूर नदी में मिला। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।