news-details

देशभर में मानसून का कहर, गुजरात-महाराष्ट्र में बाढ़ जैसे हालात; 13 राज्यों में बारिश का अलर्ट

You can share this post!

 

PARDARSHI VIKASH NEWS देश के कई हिस्सों में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है, जिससे गुजरात, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में जनजीवन प्रभावित हुआ है। गुजरात के जूनागढ़ में कई इलाकों में चार फीट तक पानी भर गया, जिससे लोगों को नाव के सहारे सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया। भावनगर में तेज बहाव में एक कार बह गई। महाराष्ट्र के वसई के नालासोपारा में सड़कें नदी में तब्दील हो गईं और करीब 20 कारें पानी में डूब गईं। मुंबई में 64 पेड़ गिरने और आठ मकानों की दीवारें ढहने की घटनाएं सामने आई हैं। रत्नागिरी में जगबुडी नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। वहीं छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आधे घंटे में 30 मिमी बारिश होने से कई इलाकों में जलभराव हो गया और टाटीबंध क्षेत्र के घरों में पानी घुस गया। पुणे में भारी बारिश से एक सोसाइटी की दीवार गिरने से 14 वाहन दब गए। उत्तराखंड के हल्द्वानी में खराब मौसम के कारण हेलिकॉप्टर की इमरजेंसी लैंडिंग करानी पड़ी। मौसम विभाग ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड समेत 13 राज्यों में आंधी और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। संभावना है कि आज मानसून पूरे देश को कवर कर लेगा।