
पारदर्शी विकास न्यूज़ सुलतानपुर।
दुर्गापूजा और आगामी त्योहारों को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर नगर क्षेत्र की बारिश से क्षतिग्रस्त करीब 11 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त कराने का अभियान चलाया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज स्वयं दिन-रात अभियान की निगरानी कर रहे हैं। प्रमुख सड़कों को 10 अक्टूबर तक दुरुस्त करने का लक्ष्य रखा गया है। त्योहारों के दौरान बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत और जरूरत वाले स्थानों पर नई लाइटें लगाने का काम भी जारी है। जलभराव वाले क्षेत्रों में दवा और कीटनाशक का छिड़काव कराया जा रहा है। मार्गों में बाधा बनने वाली पेड़ों की डालियों की कटिंग के साथ मूर्ति विसर्जन मार्गों की सफाई और प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। पालिका का उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन उपलब्ध कराना है।