news-details

दुर्गापूजा के पहले सुल्तानपुर नगर की 11किमी लम्बाई में सड़कों को गड्ढा मुक्त करने का अभियान तेज

You can share this post!

 

दुर्गा पूजा से पहले नगर की 11 किमी सड़कें होंगी गड्ढामुक्त

 

सुलतानपुर।  दुर्गा पूजा एवं आगामी त्योहारों को लेकर नगर पालिका प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर नगर पालिका परिषद की ओर से बारिश के कारण क्षतिग्रस्त और गड्ढायुक्त सड़कों को दुरुस्त कराने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। खास बात यह है कि नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज स्वयं दिन-रात अभियान की निगरानी कर रहे हैं। वह रात के अंधेरे में भी सड़कों पर उतरकर मौके पर पहुंच रहे हैं और सड़क मरम्मत समेत अन्य व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं।अभियान के तहत नगर क्षेत्र की करीब 11 किलोमीटर सड़कों को गड्ढामुक्त कराया जाएगा। अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्धारित समय में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं। दुर्गा पूजा को देखते हुए 10 अक्टूबर तक प्रमुख सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लक्ष्य रखा गया है।बारिश के बाद नगर क्षेत्र की कई सड़कें गड्ढायुक्त हो गई हैं। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन द्वारा सड़क मरम्मत का कार्य तेजी से कराया जा रहा है। अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज की सक्रिय निगरानी में टीमों को अलग-अलग क्षेत्रों में लगाया गया है। ईओ स्वयं रात में मौके पर पहुंचकर सड़क की स्थिति, चल रहे मरम्मत कार्य और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर रहे हैं।


 

खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, जरूरत पर लगेंगी नई लाइटें
त्योहार के दौरान शहर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए खराब स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। जहां लाइटें पूरी तरह खराब हैं, वहां पुरानी लाइटों को हटाकर नई लाइटें लगाने की कार्रवाई की जा रही है। नगर पालिका का लक्ष्य प्रमुख मार्गों, पूजा पंडालों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले क्षेत्रों को पर्याप्त रोशनी से प्रकाशमान करना है।

 

संचारी रोगों की रोकथाम के लिए छिड़काव
बारिश के बाद संचारी रोगों की रोकथाम को लेकर भी नगर पालिका प्रशासन सक्रिय है। नालियों, जलभराव वाले स्थानों और आवश्यकता वाले क्षेत्रों में दवा एवं कीटनाशक का छिड़काव कराया जा रहा है। सफाई व्यवस्था को भी लगातार बेहतर किया जा रहा है।
 

ट्री कटिंग और विद्युत व्यवस्था पर भी विशेष नजर
दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मार्गों में बाधा बनने वाली पेड़ों की डालियों की ट्री कटिंग भी कराई जा रही है। विद्युत व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों से समन्वय किया जा रहा है, ताकि पूजा पंडालों और विसर्जन मार्गों पर सुरक्षित एवं निर्बाध व्यवस्था बनी रहे।मूर्ति विसर्जन की तैयारियों को भी अंतिम रूप देने में जुटा पालिका प्रशासन दुर्गा पूजा के बाद होने वाले मूर्ति विसर्जन को लेकर भी नगर पालिका ने तैयारियां तेज कर दी हैं। विसर्जन मार्गों की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को समय से पूरा कराने के लिए विशेष टीमें लगाई गई हैं।अधिशासी अधिकारी लालचंद सरोज की प्राथमिकता त्योहार के दौरान नगरवासियों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी को देखते हुए सड़क, प्रकाश, सफाई, दवा छिड़काव, ट्री कटिंग और विसर्जन मार्ग सहित सभी व्यवस्थाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा कराया जा रहा है। नगर पालिका प्रशासन का प्रयास है कि दुर्गा पूजा का त्योहार शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सकुशल संपन्न हो तथा श्रद्धालुओं को आवागमन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़े।