
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। श्री दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सोमवार को हाटा कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में संयुक्त दुर्गा पूजा समिति के पदाधिकारियों के साथ नगर के विभिन्न पूजा पंडालों के आयोजक और कार्यकर्ता शामिल हुए। कोतवाल ने शासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए आयोजकों से सतर्कता, अनुशासन और आपसी समन्वय बनाए रखने की अपील की। इस दौरान श्री संयुक्त दुर्गा पूजा समिति नगर पालिका परिषद हाटा की ओर से पांच अक्टूबर को उपजिलाधिकारी हाटा को ज्ञापन सौंपकर पूजा और विसर्जन के दौरान आवश्यक प्रशासनिक व्यवस्थाएं कराने की मांग की गई। ज्ञापन की प्रतिलिपि जिलाधिकारी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी और अधिशासी अधिकारी को भी भेजी गई है। समिति अध्यक्ष मनीष कुमार रुंगटा और महामंत्री अभिषेक शर्मा ने ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।समिति ने नवरात्र के प्रथम दिन से विसर्जन तक मीट, मांस, अंडा और पशुवध की दुकानों पर रोक लगाने की मांग की है। प्रमुख चौराहों पर पुलिस-पीएसी की तैनाती के साथ 24 पूजा पंडालों में दो-दो सुरक्षाकर्मियों की व्यवस्था और विसर्जन के दिन प्रत्येक प्रतिमा के साथ पुलिस बल उपलब्ध कराने का आग्रह किया गया है।अष्टमी से विसर्जन तक शाम 6:30 से रात 12:30 बजे तक इमरजेंसी टीम और खोया-पाया केंद्र बनाने, भारी वाहनों पर रोक तथा मेला क्षेत्र में चारपहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित करने की मांग भी की गई। इसके अलावा पथ प्रकाश, हेतिमपुर घाट पर विसर्जन व्यवस्था, डायवर्जन रूट, पेयजल, बैरिकेडिंग, अतिरिक्त रोशनी और पार्किंग की व्यवस्था कराने का आग्रह किया गया।