news-details

दीना मार्केट अग्निकांड: दुकानदार की मौत, परिवार झुलसा

You can share this post!

Pardarshi Vikas News Kanpur

 कानपुर नगर में शनिवार तड़के दीना मार्केट में भीषण अग्निकांड की घटना सामने आई, जिसमें तीन दुकानों में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में एक दुकानदार की जिंदा जलकर मौत हो गई, जबकि परिवार के पांच अन्य सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। घटना के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब साढ़े तीन बजे लगी। शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का कारण माना जा रहा है। दीना मार्केट में तीन सगे भाइयों रामकिशन, सत्यनारायण और रज्जनलाल की किराना, कपड़े और बिस्कुट की थोक दुकानें हैं, जिनके ऊपर ही पूरा परिवार रहता था। घटना के समय सभी लोग सो रहे थे। अचानक धुआं फैलने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया।आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को जानकारी दी। करीब 15 मिनट के भीतर फायर ब्रिगेड की सात गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग की भयावहता को देखते हुए पांच फायर स्टेशनों की टीमों को भी बुलाया गया। दमकल कर्मियों ने सीढ़ी लगाकर फर्स्ट फ्लोर पर फंसे पांच लोगों को रेस्क्यू किया और सुरक्षित बाहर निकाला। लगभग छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक तीनों दुकानें पूरी तरह जलकर राख हो चुकी थीं।हादसे में 70 वर्षीय रामकिशन की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग लगने के बाद वे नीचे की ओर गए थे, लेकिन धुएं और लपटों में फंसकर बेहोश हो गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उनकी पत्नी गोमती, बेटा हरिओम, बहू श्रेया और चार माह का मासूम शिवार्थ गंभीर रूप से झुलस गए हैं। परिवार की एक अन्य सदस्य आयुषी भी घायल हुई है। सभी घायलों को घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसीपी रंजीत कुमार सिंह और एसडीएम अविचल प्रताप सिंह ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत कार्यों की निगरानी की। पूरे क्षेत्र को सील कर दिया गया और लोगों की आवाजाही रोक दी गई।फिलहाल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग का कारण माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।