
पारदर्शी विकास न्यूज़ लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के विरोध प्रदर्शन का वीडियो साझा कर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में एक युवती के साथ दुर्व्यवहार करने वाले लोग उत्तर प्रदेश के हैं और गाजियाबाद के आसपास के रहने वाले बताए जा रहे हैं। अखिलेश ने भाजपा कार्यकर्ताओं की तुलना हिटलर के समर्थकों से करते हुए राजनीतिक विरोधियों के अपमान का आरोप लगाया। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की जयंती पर अखिलेश यादव जयप्रकाश नारायण इंटरनेशनल सेंटर (जेपीएनआईसी) पहुंचे और उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार सब कुछ बेचना चाहती है और कहा कि 2027 में जनता भाजपा को हराने जा रही है। उन्होंने राजनीतिक बदलाव का दावा करते हुए सरकार के 40 दिन बचे होने की बात भी कही।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने पलटवार करते हुए कहा कि अखिलेश यादव उत्तर प्रदेश को बदनाम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा सरकार में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और प्रदेश हर क्षेत्र में आगे बढ़ा है। भाजपा प्रवक्ता राकेश त्रिपाठी ने भी अखिलेश पर वीडियो में दिख रहे लोगों को उत्तर प्रदेश का बताकर प्रदेश की छवि खराब करने का आरोप लगाया।भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर ने भी अखिलेश पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें दूसरों पर आरोप लगाने से पहले अपने गिरेबान में झांकना चाहिए। वीडियो में दिख रहे लोगों और नेताओं के बीच संबंधों को लेकर दोनों पक्षों के बीच राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।