news-details

दुबई कनेक्शन वाला 100 करोड़ का साइबर खेल!

You can share this post!

कानपुर में बड़ा खुलासा, 3 गिरफ्तार
पारदर्शी  विकास न्यूज़  कानपुर। फजलगंज पुलिस ने शनिवार को एक बड़े साइबर फ्रॉड सिंडिकेट का खुलासा करते हुए दुबई में बैठे कथित साइबर ठग सुल्तान मिर्जा के तीन गुर्गों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी ऑनलाइन गेमिंग एप, डिजिटल फ्रॉड और म्यूल अकाउंट के जरिए बड़े पैमाने पर ठगी को अंजाम दे रहे थे। जांच में सामने आया है कि गिरोह ने एक साल में करीब 100 करोड़ रुपये के साइबर फ्रॉड को अंजाम दिया। छापेमारी के दौरान दो आरोपी फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस को म्यूल खातों के संबंध में एनसीआरपी पोर्टल पर 29 शिकायतें मिली हैं, जिनमें करीब 23 करोड़ रुपये की साइबर ठगी दर्ज है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दुबई नंबर के एक्टिवेटेड और प्री-एक्टिवेटेड सिम भी बरामद किए हैं। पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के अनुसार आरोपी लोगों को सरकारी योजनाओं और कमीशन का लालच देकर बैंक खाते खुलवाते थे। इन खातों की बैंकिंग डिटेल देश और विदेश में बैठे साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराई जाती थी। आरोपियों को सेविंग अकाउंट उपलब्ध कराने पर 40 हजार और करंट अकाउंट उपलब्ध कराने पर 80 हजार रुपये तक मिलते थे।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी फर्जी फर्म बनाकर करंट और मर्चेंट अकाउंट खुलवाते थे। ठगी की रकम का हिस्सा हवाला के जरिए आरोपियों तक पहुंचता था। आरोपियों के मोबाइल की कॉल डिटेल में वर्ष 2024 से 23 निजी बैंक कर्मचारियों से बातचीत की जानकारी भी मिली है। पुलिस इस मामले में बैंककर्मियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।पूछताछ में यह भी सामने आया कि गिरोह दिल्ली-एनसीआर, कानपुर, लखनऊ और आगरा में मूविंग कॉल सेंटर चलाता था। गाड़ियों में बैठकर लैपटॉप के जरिए लेनदेन किया जाता था। पुलिस ने तीन लैपटॉप, 11 मोबाइल, चार पीओएस मशीन, 85 एटीएम व क्रेडिट कार्ड, 37 सिम, 15 चेकबुक और 18 पासबुक समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं। पुलिस फरार आरोपियों और पूरे नेटवर्क की तलाश में जुटी है।