तमकुहीराज में जुटेंगे 600 युवा वैज्ञानिक
पारदर्शी विकास ब्यूरो / तमकुहीराज, कुशीनगर। देवरिया लोकसभा क्षेत्र के तमकुहीराज में 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक राष्ट्रीय स्तर की मॉडल रॉकेट्री एवं कैनसैट विद्यार्थी प्रतियोगिता-2026 आयोजित होगी। सांसद शशांक मणि की पहल पर नारायणी प्रक्षेपण धाम, जीरो बांध में होने वाले आयोजन में देशभर से लगभग 600 युवा वैज्ञानिक और 120 वरिष्ठ वैज्ञानिक पहुंचेंगे। जिलाधिकारी संजय चौहान ने तैयारियों के लिए विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नोडल और सहायक नोडल अधिकारी नामित किया है। मुख्य विकास अधिकारी वंदिता श्रीवास्तव को कार्यक्रम का नोडल अधिकारी बनाया गया है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था, यातायात, चिकित्सा, अग्निशमन, बिजली, पेयजल, साफ-सफाई और दूरसंचार की जिम्मेदारियां संबंधित विभागों को सौंपी हैं। बाहर से आने वाले विद्यार्थियों और अतिथियों के ठहरने के लिए विद्यालयों में व्यवस्था की जा रही है। डीएम ने सभी अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने और आपसी समन्वय बनाए रखने के निर्देश दिए हैं।