
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शास्त्री नगर मोहल्ले में देर रात बेखौफ बदमाशों ने तमंचे के बल पर किन्नर के घर में घुसकर लाखों रुपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।जानकारी के अनुसार, देर रात करीब दो बजे अपाचे बाइक से आए तीन बदमाश घर के पीछे सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़े और जीने के रास्ते घर में दाखिल हो गए। आरोप है कि बदमाशों ने घर में मौजूद किन्नर वैशाली और उनके ड्राइवर को तमंचे के बल पर बंधक बनाकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद बदमाश घर में रखे जेवरात, नकदी और एक अपाचे बाइक लूटकर फरार हो गए। जाते समय अपनी पहचान छिपाने के लिए घर में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी उखाड़ ले गए।घटना की सूचना पर गंगाघाट कोतवाली पुलिस, फोरेंसिक टीम और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जय प्रकाश सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।सीओ सिटी विनी सिंह ने बताया कि घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय सूचना तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।