त्योहार पर छापेमारी, 20 खाद्य नमूने लिए
पारदर्शी विकास न्यूज़ कुशीनगर। नवरात्रि और दशहरा पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने 10 से 16 अक्टूबर तक जिले में विशेष अभियान चलाया। इस दौरान विभिन्न बाजारों और प्रतिष्ठानों से कुल 20 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। अभियान के तहत साबूदाना, देशी घी, खोया, पनीर, दूध, बेसन, कुट्टू का आटा और विभिन्न मिठाइयों सहित अन्य खाद्य पदार्थों की जांच के लिए नमूने एकत्र किए गए। शिवपुर बाजार, लक्ष्मीगंज, हाटा, कप्तानगंज, नौरंगिया, तुर्कपट्टी और पडरौना समेत कई क्षेत्रों में कार्रवाई की गई।अधिकारियों ने बताया कि जांच रिपोर्ट में मिलावट या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने कहा कि लोगों को सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।