
पारदर्शी विकास न्यूज़ अमेठी। नवरात्रि, दुर्गा पूजा और दशहरा सहित आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद स्तरीय पीस कमेटी की बैठक की। अधिकारियों, धर्मगुरुओं, पूजा समिति के प्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों के साथ सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं पर चर्चा की गई।डीएम ने कहा कि त्योहार आपसी सौहार्द, भाईचारे और परंपरागत तरीके से मनाएं। पूजा पंडाल, जुलूस, शोभायात्रा और सार्वजनिक आयोजनों से पहले प्रशासन की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। सड़कों पर पंडाल लगाने और आवागमन बाधित करने पर रोक रहेगी। उन्होंने साफ-सफाई, बिजली, पेयजल, चिकित्सा और यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए।एसपी ने संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, सोशल मीडिया पर निगरानी रखने और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, आग से बचाव के इंतजाम और जिम्मेदार व्यक्ति की मौजूदगी सुनिश्चित करने को कहा गया। डीजे की आवाज और आकार निर्धारित मानकों के अनुरूप रखने के निर्देश भी दिए गए।बैठक में अधिकारियों को आपसी समन्वय से तैयारियां समय पर पूरी करने को कहा गया। डीएम और एसपी ने लोगों से नियमों का पालन करने तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। बैठक में एडीएम ज्योति सिंह, एएसपी ज्ञानेंद्र सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।