
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। आर्यनगर स्थित एक धार्मिक ट्रस्ट की करोड़ों रुपये मूल्य की जमीन को कथित तौर पर फर्जीवाड़े के जरिए बेचने का मामला सामने आया है। इस मामले को लेकर अखिल भारतीय सर्व ब्राह्मण महासभा ने पुलिस कमिश्नर से मुलाकात कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। महासभा के राष्ट्रीय महामंत्री एवं बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष नरेश चंद्र त्रिपाठी ने प्रेसवार्ता में आरोप लगाया कि आर्यनगर स्थित करीब 1331 वर्ग गज ट्रस्ट की जमीन का बिना आवश्यक कानूनी अनुमति के रजिस्टर्ड एग्रीमेंट टू सेल किया गया। उन्होंने दावा किया कि ट्रस्ट संपत्ति के लेन-देन में नियमों का पालन नहीं किया गया और ट्रस्ट के बैंक खाते के संचालन में भी अनियमितताएं हुईं। महासभा का कहना है कि मामले की जांच के दौरान दस्तावेजों और हस्ताक्षरों की फॉरेंसिक जांच कराई गई, जिसमें कथित रूप से फर्जी हस्ताक्षरों की पुष्टि हुई। इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे की जांच के बाद पुलिस द्वारा न्यायालय में चार्जशीट दाखिल किए जाने की बात भी कही गई। महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि धार्मिक ट्रस्टों की संपत्तियां समाज और जनकल्याण के कार्यों के लिए होती हैं, इसलिए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस कमिश्नर से मुलाकात के दौरान संगठन ने पूरे प्रकरण से जुड़े दस्तावेज भी सौंपे।प्रेसवार्ता में संगठन के कई पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं, मामले में आरोपित पक्ष की प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।