
PARDARSHI VIKASH NEWS अयोध्या जिले के तारुन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में इन दिनों दंत चिकित्सा सेवाएं प्रभावित हैं। दंत चिकित्सक की अनुपस्थिति के कारण दांत संबंधी समस्याओं के इलाज के लिए आने वाले मरीजों को बिना उपचार वापस लौटना पड़ रहा है। इससे दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।सोमवार को अस्पताल में दंत चिकित्सक का कक्ष बंद मिला। मरीजों ने बताया कि वे पहले पंजीकरण कराकर पर्चा बनवाते हैं, लेकिन जब दंत चिकित्सा कक्ष पहुंचते हैं तो वहां ताला लगा मिलता है। इससे उनका समय और पैसा दोनों व्यर्थ हो रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि अधिकांश लोग आर्थिक रूप से निजी अस्पतालों में इलाज कराने में सक्षम नहीं हैं। ऐसे में सरकारी अस्पताल में दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध न होने से मरीजों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। कई लोग इलाज की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचते हैं, लेकिन निराश होकर वापस लौटना पड़ता है।सीएचसी अधीक्षक डॉ. अंशुमान गुप्ता ने बताया कि दंत चिकित्सक डॉ. राहुल गोटे की ड्यूटी फिलहाल अयोध्या में मेला और वीआईपी ड्यूटी में लगी हुई है। वहीं डेंटल हाइजेनिस्ट श्री प्रकाश अवस्थी अवकाश पर हैं। इसी कारण नियमित रूप से दंत चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं।ग्रामीणों ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि दंत चिकित्सक की वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि मरीजों को समय पर इलाज मिल सके। उनका कहना है कि जल्द सेवाएं बहाल होने से क्षेत्र के सैकड़ों मरीजों को राहत मिलेगी।