
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। गोविंदनगर इलाके में शुक्रवार देर रात एक टेलर की दुकान में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। दुकान से उठती तेज लपटें देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गोविंदनगर के 12 ब्लॉक निवासी सुरेंद्र लांबा की 5 ब्लॉक स्थित दीपक विश्वकर्मा के मकान में बोनटेक्स टेलर्स के नाम से दुकान है। बताया गया कि रोज की तरह दुकान बंद कर रात करीब 10 बजे वह घर चले गए थे। देर रात करीब 12 बजे अचानक दुकान में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।सूचना पर फजलगंज फायर स्टेशन से दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग बुझाने का काम शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर काबू पा लिया।गोविंदनगर थाना प्रभारी रिकेश सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग के चलते इलाके में कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई थी, जिसके बाद वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया।