
पारदर्शी विकास न्यूज़, कानपुर। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने सरकारी एवं सार्वजनिक भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने तालाबों को प्राथमिकता के आधार पर अतिक्रमण मुक्त कराने और सभी लेखपालों को ग्राम समाज की संपत्तियों का रजिस्टर तैयार करने को कहा। साथ ही अनावासीय भूमि का चिह्नांकन कर अवैध कब्जे हटवाने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में ई-ऑफिस, राजस्व कार्यों, अंश निर्धारण और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना की समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने सभी उप जिलाधिकारियों को कार्यालयों में फाइलों का प्रेषण ई-ऑफिस के माध्यम से सुनिश्चित करने को कहा। राजस्व मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के लंबित मामलों पर नाराजगी जताते हुए उन्होंने प्राथमिकता से निस्तारण के निर्देश दिए। अंश निर्धारण और दैवीय आपदा से जुड़े प्रकरणों में भी तेजी लाने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि को कब्जामुक्त कराने में लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। अधिकारियों को नियमित समीक्षा और प्रभावी निगरानी के निर्देश दिए।