
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की ओर से आयोजित टीजीटी भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन गुरुवार को कानपुर के 22 परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश से पहले अभ्यर्थियों की दो चरणों में सघन जांच और बायोमैट्रिक सत्यापन किया गया। पहली पाली की परीक्षा देकर बाहर निकले कुछ अभ्यर्थियों ने प्रश्नपत्र के स्तर और गुणवत्ता पर सवाल उठाए। अभ्यर्थी अंकुर श्रीवास्तव ने आरोप लगाया कि प्रश्नपत्र में कई त्रुटियां थीं और इसे किसी वरिष्ठ विशेषज्ञ से जांचा जाना चाहिए था। वहीं होम साइंस की अभ्यर्थी ज्योति ने बताया कि इस बार पेपर का स्तर पिछले वर्षों की तुलना में कुछ अलग और अपेक्षाकृत कठिन थानकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुरुष अभ्यर्थियों के जूते उतरवाकर जांच की गई, जबकि महिला अभ्यर्थियों के बाल खुलवाकर तलाशी ली गई। जांच और बायोमैट्रिक सत्यापन के बाद ही परीक्षा कक्ष में प्रवेश दिया गया।पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 2:30 से शाम 4:30 बजे तक आयोजित की गई। दोनों पालियों में लगभग 17,700 अभ्यर्थियों के शामिल होने का अनुमान है।हालांकि कई परीक्षा केंद्रों पर सुबह के समय अभ्यर्थियों की उपस्थिति अपेक्षाकृत कम रही। इससे पहले परीक्षा के पहले दिन भी 50 प्रतिशत से अधिक अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे थे। ऐसे में दूसरे दिन भी उपस्थिति पर प्रशासन की विशेष नजर रही।परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने विभिन्न केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।