
Pardarshi Vikas News Gonda
नवाबगंज-कर्नलगंज मार्ग पर बल्लीपुर गांव के पास शुक्रवार दोपहर तेज रफ्तार थार और बाइक की टक्कर में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद अनियंत्रित थार खंभे से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि चालक मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार अशोकपुर गांव के लोहारन पुरवा निवासी 45 वर्षीय जगराम चौहान बाइक से नवाबगंज बाजार जा रहे थे। इसी दौरान बल्लीपुर गांव के सुखवापुर के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार थार ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही जगराम सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, थार की रफ्तार काफी तेज थी, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन पास के खंभे से जा भिड़ा। हादसे में चालक को भी चोटें आईं, लेकिन वह वाहन छोड़कर फरार हो गया।
सूचना मिलने पर पहुंचे परिजनों ने घायल जगराम को तत्काल अयोध्या मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। ग्राम प्रधान पवन सिंह ने बताया कि हादसे में जगराम का एक पैर टूट गया है।
थानाध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।