
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। शिवराजपुर थाना क्षेत्र में सोमवार को कानपुर-अलीगढ़ हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार परिवार को टक्कर मार दी। हादसे में 30 वर्षीय संदीप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और दो वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गईं।संदीप अपनी पत्नी शीतल और बेटी निधि के साथ ससुराल जा रहा था। बहरमापुर गांव के पास फ्लाईओवर से उतरते समय पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। महिला की हालत गंभीर होने पर उसे हैलट अस्पताल रेफर किया गया, जबकि बच्ची का इलाज जारी है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर कार और हादसे की जांच शुरू कर दी है।