
Pardarshi Vikas News Unnao
आसीवन थाना क्षेत्र में गुरुवार दोपहर तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से पांच वर्षीय बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। घायल बच्ची को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
घटना रसूलाबाद-सफीपुर मार्ग पर स्थित लोचन खेड़ा गांव की है। जानकारी के अनुसार गांव निवासी राधेश्याम की पांच वर्षीय पुत्री सोनिका घर के पास स्थित प्रचून की दुकान पर सामान लेने जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार करते समय तेज गति से आ रही बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बच्ची सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई।
हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद बच्ची के बड़े भाई मनोज कुमार और अन्य परिजन उसे तत्काल मियागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
डॉक्टरों के अनुसार बच्ची के सिर और शरीर में गंभीर चोटें आई हैं। जिला अस्पताल में उसका इलाज जारी है। परिवार के लोग अस्पताल में मौजूद हैं और बच्ची के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के बाद बाइक चालक मौके से वाहन समेत फरार हो गया। घटना के बाद ग्रामीणों में तेज रफ्तार वाहनों को लेकर आक्रोश देखा गया। लोगों ने गांव के पास सड़क पर गति नियंत्रण के लिए स्पीड ब्रेकर और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।