
पारदर्शी विकास न्यूज़ कानपुर। सांसद रमेश अवस्थी के पत्र पर जिलाधिकारी ने नगर आयुक्त को शहीद विलायती राम कत्याल स्मारक स्थल के सुंदरीकरण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए हैं। निर्देशों में प्रतिमा स्थल पर रेलिंग की रंगाई, छतरी का सौंदर्यीकरण, नामकरण पत्थर की लिखाई, पार्क की साफ-सफाई तथा हाई मास्क टावर की लाइटों को दुरुस्त कराने जैसे कार्य शामिल हैं। नगर आयुक्त ने उद्यान विभाग को स्थल का निरीक्षण कर सभी कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण कराने के निर्देश दिए हैं।जानकारी के अनुसार, 29 जुलाई को शहीद विलायती राम कत्याल का जन्म दिवस राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाने की तैयारी की जा रही है। इसी अवसर पर स्मारक स्थल को भव्य रूप देने की योजना पर कार्य तेज कर दिया गया है। स्मारक समिति ने भी इस अवसर को विशेष बनाने की मांग की है।इसके साथ ही शहीद विलायती राम कत्याल स्मारक समिति ने शास्त्री चौक मेट्रो स्टेशन का नाम उनके नाम पर रखने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सांसद रमेश अवस्थी को पत्र भेजा है। समिति का कहना है कि विलायती राम कत्याल ने साम्प्रदायिक सौहार्द और राष्ट्रीय एकता के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया था।समिति ने आरोप लगाया कि कई वर्षों से यह मांग लंबित है। उन्होंने कहा कि शास्त्री चौक उनकी कर्मभूमि रही है, ऐसे में मेट्रो स्टेशन का नामकरण उनके सम्मान में किया जाना चाहिए, ताकि नई पीढ़ी उनके बलिदान और राष्ट्रप्रेम से प्रेरणा ले सके।