
PARDARSHI VIKASH NEWS उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार डंपर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रही 16 वर्षीय सुमन की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठीं उनकी मौसी दुर्गा उर्फ कमला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना खिन्नी मोड़ के पास हुई।जानकारी के अनुसार, भदनांग निवासी सुमन अपनी मौसी दुर्गा उर्फ कमला के साथ रिश्तेदार सरस्वती की शादी के लिए कपड़े खरीदने बाजार जा रही थी। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सुमन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दुर्गा गंभीर रूप से घायल हो गईं।सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल दुर्गा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं, पुलिस ने सुमन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।हादसे की खबर मिलते ही मृतका के पिता रामबाबू, मां गुड्डी समेत परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंच गए। बेटी की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने डंपर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच की जा रही है।