
pardarshi vikas news amethi
थाना क्षेत्र के कालिकन मोड़ के पास शनिवार की शाम बाइक सवार युवक साइकिल सवार छात्रा से टकरा गया। सड़क दुघर्टना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। गंभीर अवस्था में उसे सीएचसी में भर्ती कराया गया। डाक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पिछले सप्ताह युवक की शादी हुई थी। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। जबकि साइकिल सवार एक छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई।जिला अस्पताल में इलाज के दौरान तिहैतनपुर निवासी 27 वर्षीय दीपक (पुत्र स्व. नंदलाल) की मौत हो गई। पूरे गड़ेरियन मजरे कसारा निवासी श्वेता पाल (पुत्री अमरेश पाल) को जिला अस्पताल गौरीगंज से सुल्तानपुर जिला अस्पताल के लिए रेफर किया गया है।दीपक अपनी पत्नी के लिए दवा लेकर अमेठी कस्बे से घर लौट रहा था। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। दीपक की शादी महज छह दिन पहले यानि 12 अप्रैल को हुई थी। पत्नी सुचित्रा के हाथों की मेहंदी भी अभी फीकी नहीं पड़ी थी कि उसका सुहाग उजड़ गया।मृतक दीपक के पिता नंदलाल का करीब 10 वर्ष पहले निधन हो चुका है। मां धनाऊ और बड़े भाई रवि कुमार ने ही उनका पालन-पोषण किया। रवि कुमार हरियाणा में निजी कंपनी में कार्यरत हैं, जबकि दीपक प्रतापगढ़ में एक होटल में कुक का काम कर परिवार चलाते थे।मृतक के बड़े भाई रवि कुमार ने बताया कि उनके पास कोई खेती-बाड़ी या स्थायी आय का साधन नहीं है। परिवार पूरी तरह दीपक की कमाई पर निर्भर था। इस हादसे ने परिवार को भीतर तक तोड़ दिया है।मृतक बसपा के विधानसभा प्रभारी शमशेर बौद्ध का निकट सम्बन्धी है। युवक की दर्दनाक मौत पर बसपा नेताओं ने गहरा दुःख व्यक्त किया है और पीड़ित परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। बामसेफ के जिला संयोजक संजीव भारती, बसपा के विधानसभा सभा अध्यक्ष लक्ष्मण प्रसाद, उपाध्यक्ष कमलेश कुमार, महासचिव श्याम कुमार आदि ने गहरा दुःख व्यक्त किया है।