
PARDARSHI VIKASH NEWS प्रयागराज के सिविल लाइंस स्थित श्रीहनुमत निकेतन मंदिर के दानपात्रों से 9 नकली नोट मिलने का मामला सामने आया है, जिसके बाद प्रशासन और जांच एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। बैंक में जमा कराई गई राशि की गिनती के दौरान मशीन ने इन नकली नोटों की पहचान की, जिसमें 500 रुपये का एक, 200 रुपये के 5 और 100 रुपये के 3 नोट शामिल हैं। सूचना मिलते ही बैंक प्रबंधन ने इसकी जानकारी एडीएम आपूर्ति को दी, जिसके बाद जांच प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।मंदिर में चढ़ावे को लेकर विवाद के चलते 20 मार्च 2024 को न्यायालय ने इसके संचालन के लिए जिलाधिकारी प्रयागराज को रिसीवर नियुक्त किया था। वर्तमान में मंदिर का प्रबंधन जिला प्रशासन की निगरानी में चल रहा है। जनवरी से मार्च 2026 के बीच 6 दानपात्रों की गिनती में करीब 13 लाख रुपये प्राप्त हुए, जिन्हें बैंक में जमा कराया गया है। नकली नोट मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि यह किसी श्रद्धालु द्वारा अनजाने में डाले गए हों, हालांकि जांच एजेंसियां पूरे मामले की पड़ताल कर रही हैं।अधिकारियों के अनुसार अभी 24 दानपात्रों की गिनती बाकी है, जिनकी जांच आगे की जा रही है। प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइंस थाने में मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी शुरू कर दी है।