
पारदर्शी विकास न्यूज़ प्रयागराज। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग, प्रयागराज में शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न लाल बहादुर शास्त्री की जयंती गरिमापूर्ण ढंग से मनाई गई। इस अवसर पर आयोग के अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने दोनों महापुरुषों के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद आयोजित संगोष्ठी में उनके जीवन, संघर्ष और आदर्शों पर विचार व्यक्त किए गए।अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने कहा कि महात्मा गांधी का जीवन सत्य, अहिंसा, नैतिकता, सादगी, स्वावलंबन और समाज के अंतिम व्यक्ति के प्रति संवेदनशीलता का संदेश देता है। उनके विचार आज भी समाज और राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत हैं। वहीं, लाल बहादुर शास्त्री का सादगीपूर्ण जीवन, ईमानदारी, अनुशासन, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रसेवा प्रत्येक व्यक्ति के लिए अनुकरणीय है।उन्होंने आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों से दोनों महापुरुषों के आदर्शों को अपने दैनिक कार्य व्यवहार में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ करें। समारोह के दौरान कार्यालय की स्वच्छता व्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई कर्मचारियों को अध्यक्ष डॉ. प्रशांत कुमार ने उपहार भेंट कर सम्मानित किया। इसके बाद आयोग परिसर में वृक्षारोपण भी किया गया। कार्यक्रम में आयोग के सदस्य, सचिव, अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। समारोह में महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और सर्वोदय के सिद्धांतों तथा लाल बहादुर शास्त्री के सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्शों को अपनाने का संदेश दिया गया।